दिनदहाड़े पशु चिकित्सक से तमंचे के बल पर लूट, मोबाइल भी तोड़ा, पुलिस जांच में जुटी

विनोद धीमान

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के गांव धारीवाला में दिनदहाड़े तमंचे के बल पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक पशु चिकित्सक को रोककर मारपीट की, 18 हजार रुपये लूट लिए और मोबाइल फोन तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार धारीवाला निवासी पशु चिकित्सक डॉ. अनिल चौहान शुक्रवार दोपहर गांव टिकोला में एक पशु का इलाज कर वापस घर लौट रहे थे। डॉ. अनिल के मुताबिक वह अपने मित्र अजीत से कमेटी देने के लिए 15 हजार रुपये उधार लेकर लौट रहे थे। उनके पास पहले से करीब साढ़े तीन हजार रुपये भी थे।


बताया गया कि दोपहर करीब 12:30 बजे टिकोला-धारीवाला मार्ग पर पीछे से बिना नंबर की बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। बदमाशों ने पहले बिजनौर जाने का रास्ता पूछा और फिर अचानक तमंचा निकालकर डॉ. अनिल की कनपटी पर तान दिया। आरोप है कि बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक की चाबी निकाल ली और जेब से 18 हजार रुपये छीन लिए। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।


घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। डरे-सहमे डॉ. अनिल किसी तरह बाइक लेकर गांव पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। वारदात की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
पीड़ित ने पुलिस चौकी फेरूपुर पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है।


थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर मिल गई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *