हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। कोतवाली कनखल पुलिस ने पिल्ला गैंग से जुड़े एक और आरोपी को गिरफ्तार कर गैंग के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार आरोपी गैंग को नशा, पैसा और हथियार उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभा रहा था।
पुलिस के अनुसार पिल्ला गैंग का नेटवर्क भूपतवाला से लेकर लक्सर तक फैला हुआ है और अब तक इस मामले में कुल 10 गिरफ्तारीं की जा चुकी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के आदेशानुसार पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में पुलिस टीम शराब तस्करों, वारंटियों, हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों, गुंडा तत्वों और हुड़दंगियों के खिलाफ लगातार सघन अभियान चला रही है।
क्षेत्र में लगातार मिल रही मारपीट और असामाजिक गतिविधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कनखल पुलिस द्वारा सादे कपड़ों में विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने जगजीतपुर, पीठ पुलिया, फुटबॉल ग्राउंड और गुरुकुल कांगड़ी क्षेत्र में लगातार चेकिंग अभियान चलाया।
इसी क्रम में 04 मई को प्रणव शर्मा निवासी कनखल द्वारा अपने साथ हुई मारपीट के संबंध में थाना कनखल में मुकदमा दर्ज कराया गया था। घटना जगजीतपुर स्थित रॉयल हट में हुई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए इस मामले में शामिल एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। विधिक कार्यवाही करते हुए पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम पता सोनू पाल पुत्र अशोक पाल निवासी कांगड़ी श्यामपुर, हाल निवासी कुम्हारगढ़ा, थाना कनखल, हरिद्वार बताया गया है।


