विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के नगला खिताब गांव में शादी की सालगिरह का कार्यक्रम उस समय अफरा-तफरी में बदल गया जब एक युवक पर चाकू और लाठी से हमला कर दिया गया। घटना में युवक घायल हो गया, जबकि मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।
गांव निवासी प्रमोद पुत्र जगत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र मिंटू अपने दोस्त आजाद पुत्र सतपाल की शादी की वर्षगांठ में शामिल होने उसके घर गया था। कार्यक्रम के दौरान गांव के ही प्रशिद्ध और आर्तिक पुत्र विजयपाल वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवक हाथ में चाकू और लाठी लेकर नीचे आए और अचानक हमला कर दिया।
तहरीर के मुताबिक आर्तिक ने मिंटू की छाती पर चाकू से वार किया, जबकि प्रसिद्ध ने लाठी से कई प्रहार किए। घटना से कार्यक्रम में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद युवकों ने घायल को बचाया, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।


