विनोद धीमान
हरिद्वार। जनहित, सड़क सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण चालक प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एआरटीओ प्रशासन एवं प्रवर्तन रुड़की की संयुक्त टीम ने क्षेत्र में संचालित मोटर ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थानों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिसके चलते एक संस्थान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि एक प्रशिक्षण वाहन को सीज कर चालान किया गया। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मोटरयान नियमावली 1989 के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, प्रशिक्षकों की योग्यता, प्रशिक्षण उपकरणों, बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली, सिमुलेटर मशीन, प्रशिक्षण वाहनों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की गई।
सबसे पहले टीम ने सेव मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, आरआर सिनेमा के पास रुड़की का निरीक्षण किया। मौके पर संस्थान का स्वामी, प्रबंधक अथवा प्रशिक्षक मौजूद नहीं मिला। जांच में संस्थान निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होता नहीं पाया गया। परिसर प्रशिक्षण संस्थान की बजाय आवासीय उपयोग जैसा दिखाई दिया तथा आवश्यक सूचना बोर्ड और यातायात संबंधी सामग्री भी अनुपस्थित मिली।
निरीक्षण के दौरान सिमुलेटर मशीन और बायोमेट्रिक मशीन खराब अवस्था में मिलीं। प्रशिक्षण रजिस्टर, उपस्थिति पंजिका, प्रशिक्षुओं का रिकॉर्ड समेत अन्य जरूरी अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। एआरटीओ ने संस्थान संचालक को तत्काल कार्यालय में उपस्थित होकर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद साकुम्भरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, आदर्श नगर रुड़की का निरीक्षण किया गया। यहां प्रशिक्षक निर्धारित योग्यता मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच में पाया गया कि प्रशिक्षकों के पास आवश्यक व्यावसायिक ड्राइविंग लाइसेंस, अनुभव प्रमाणपत्र और तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।
संस्थान में सिमुलेटर मशीन, बायोमेट्रिक मशीन, कंप्यूटर सिस्टम, सड़क संकेतक बोर्ड, यातायात चिन्ह चार्ट और प्राथमिक उपचार पेटिका जैसी अनिवार्य सुविधाएं भी नहीं मिलीं। निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण वाहन यूके 17 टीए 0992 का टैक्स बकाया पाया गया तथा वाहन की स्थिति भी असुरक्षित मिली। टीम ने वाहन का चालान कर उसे सीज कर दिया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए साकुम्भरी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल को तत्काल प्रभाव से बंद कर सील कर दिया गया। संस्थान संचालक को चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर लाइसेंस के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एलाइट मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, शिवालिक्स रुड़की निरीक्षण के दौरान नवीनीकरण प्रक्रिया के चलते बंद मिला। संस्थान संचालक को नवीनीकरण पूर्ण होने के बाद ही संचालन शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
एआरटीओ प्रशासन रुड़की ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण अभियान में एआरटीओ प्रशासन रुड़की जितेन्द्र चंद, एआरटीओ प्रवर्तन कृष्ण पलड़िया सहित विभागीय टीम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


