लक्सर में युवती को फोन पर मिली जान से मारने की धमकी, परिवार ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार
विनोद धीमान
हरिद्वार। जनपद के लक्सर क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती को फोन पर पूरे परिवार को घर समेत उड़ाने की धमकी दिए जाने के बाद परिवार दहशत के साये में जीने को मजबूर हो गया है। धमकी इतनी खौफनाक थी कि युवती ने डर के कारण कॉलेज जाना तक बंद कर दिया। मामले में पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली लक्सर क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर कुन्हारी निवासी महिपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री गुरुकुल महाविद्यालय ज्वालापुर हरिद्वार में पढ़ाई करती है और रोजाना कॉलेज आती-जाती है। आरोप है कि 28 अप्रैल को नगर पंचायत सुल्तानपुर निवासी कलीम पुत्र सलीम ने उनकी पुत्री को मोबाइल पर धमकाया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने फोन पर कहा कि पूरे परिवार को घर समेत उड़ा दूंगा। इस धमकी के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और घर की महिलाएं व बच्चे तक सहम गए। परिवार का कहना है कि उन्हें हर वक्त किसी अनहोनी का डर सता रहा है। धमकी के बाद युवती मानसिक रूप से बुरी तरह डर गई है और उसने कॉलेज जाने से भी साफ इंकार कर दिया। परिवार ने इसे गंभीर सुरक्षा का मामला बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
पीड़ित महिपाल सिंह ने कोतवाली लक्सर पहुंचकर पुलिस से गुहार लगाई कि आरोपी के खिलाफ तत्काल सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
वहीं पुलिस ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। सुल्तानपुर चौकी इंचार्ज नरेंद्र सिंह ने बताया कि सुल्तानपुर से एक युवक द्वारा फोन पर धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।


