रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे व्यापक चेकिंग अभियान के तहत रुद्रप्रयाग पुलिस को बुधवार शाम एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। संदिग्ध व्यक्तियों एवं अस्थायी ठिकानों की सघन जांच के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से दो धारदार हथियार और दो एयर गन बरामद की हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम द्वारा विभिन्न टेंटों और अस्थायी आवासों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से दो धारदार हथियार तथा दो एयर गन (खिलौना बंदूक) बरामद की गईं। बरामदगी के बाद पुलिस ने तत्काल व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
मामले की जानकारी देते हुए सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संबंधित व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद का निवासी पाया गया है। पुलिस द्वारा उसके परिजनों से संपर्क किए जाने पर जानकारी मिली कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की गहन जांच कर रही है और व्यक्ति से लगातार पूछताछ जारी है।
जांच के दौरान एक और गंभीर लापरवाही सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, संबंधित टेंट संचालक ने उक्त व्यक्ति को बिना किसी वैध पहचान पत्र (आईडी) के अपने टेंट में ठहराया था, जो सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने टेंट स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है।
चारधाम यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यात्रा मार्गों, टेंट कॉलोनियों, धर्मशालाओं और अस्थायी आवासों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
सीओ नितिन लोहनी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जनपद की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह पुलिस की निगरानी में है और यदि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस अथवा डायल 112 पर दें।


