दुष्कर्म कांड पर कांग्रेस का हमला, आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

हरिद्वार। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पदाधिकारियों ने चंपावत में नाबालिगा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हरिद्वार स्थित प्रेस क्लब हरिद्वार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेताओं ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।


कांग्रेस प्रदेश सचिव आनंद मेहरा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में महिला उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चंपावत में भाजपा मंडल अध्यक्ष और उसके साथियों द्वारा 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। उनका कहना था कि आरोपी पीड़िता को मृत समझकर मौके से फरार हो गए थे और विपक्ष के दबाव के बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया।


मेहरा ने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।


वहीं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनोज सैनी के बयान का हवाला देते हुए कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का नारा देने वाली सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। हरिद्वार में एक तीरंदाजी कोच द्वारा नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।


कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चंपावत की यह घटना पूरे समाज को शर्मसार करने वाली है और इसमें कथित तौर पर भाजपा पदाधिकारी के शामिल होने से यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़िता को न्याय दिलाया जाए।
प्रेस वार्ता में विकास चंद्रा, सार्थक ठाकुर और सागर बेनीवाल सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *