हरिद्वार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार

बिज्जू के शव, धारदार हथियार और खून से सने कपड़े बरामद


हरिद्वार। हरिद्वार वन विभाग की टीम ने वन्यजीव तस्करी और अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से संरक्षित वन्यजीव बिज्जू (एशियन पाम सिवेट) का शव, धारदार हथियार और खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।


जानकारी के अनुसार बुधवार को वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चिड़ियापुर रेंज क्षेत्र में अवैध रूप से वन्यजीव का शिकार किया गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। चिड़ियापुर रेंजर महेश शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने सबलगढ़ कक्ष संख्या 6 बी, एनएच-34 क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया।


इसी दौरान नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। वन कर्मियों को देखकर बाइक सवार घबरा गए और मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान पंकज और सौरभ निवासी चंडीघाट, सपेरा बस्ती के रूप में हुई।


तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद काले रंग के बैग से संरक्षित प्रजाति के बिज्जू का शव बरामद हुआ। इसके अलावा लोहे के दो धारदार हथियार और खून के धब्बों वाली कमीज भी बरामद की गई। वन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया।


वन विभाग की टीम ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज किया। बाद में दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि संरक्षित वन्यजीवों के अवैध शिकार और तस्करी के मामलों में विभाग सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी सूरत में अवैध शिकार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी वन्यजीव अपराध की जानकारी मिले तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में चिड़ियापुर रेंजर महेश शर्मा, वन दरोगा गौतम राठौर, धर्मपाल सिंह रावत, वन आरक्षी नवल पाठक, सुनील कुमार, रमेश और अमित कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *