विनोद धीमान
हरिद्वार। उत्तराखंड गौवंश संरक्षण स्क्वॉड और लक्सर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गढ़ी-संघीपुर गांव में अवैध गौकशी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में गौमांस, पशु अवशेष और उपकरण बरामद करते हुए तीन आरोपितों को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपित फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान मौके से 105.5 किलो गौमांस, एक गौवंशीय पशु का कटा हुआ सिर, चार खुर, दो कुल्हाड़ियां, दो छुरियां, लकड़ी का गुटका, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और पैकिंग सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा एक जिंदा गाय और उसका बछड़ा भी मौके से सुरक्षित बरामद किए गए, जिन्हें अगली गौकशी के लिए रखा गया था।
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि गौवंश संरक्षण स्क्वॉड गढ़वाल परिक्षेत्र की टीम उपनिरीक्षक शरद सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गढ़ी-संघीपुर गांव में सुलेमान नामक व्यक्ति अपने साथियों के साथ गौकशी कर मांस बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत संयुक्त टीम बनाकर दबिश दी।
पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो आंगन में चार लोग मांस काटते और पैकिंग करते हुए मिले। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने मौके से सुलेमान (60), युसुफ (65) और शहजाद (40) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि जावेद पुत्र इकबाल मौके से फरार हो गया।
मौके पर बुलाए गए पशु चिकित्सक ने प्रारंभिक जांच में बरामद मांस और अवशेषों को गौवंशीय पशु का बताया है। सैंपल को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है, जिससे आगे की पुष्टि की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनका चालान कर दिया है, जबकि फरार आरोपित की तलाश के लिए दबिश जारी है।


