अधिवक्ता की आत्महत्या से हड़कंप, कार में खुद को मारी गोली

नैनीताल में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने कलेक्ट्रेट और जिला न्यायालय परिसर में काम कर रहे अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को झकझोर कर रख दिया। पार्किंग में खड़ी एक कार के भीतर अधिवक्ता का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी के रूप में हुई है, जो लॉन्ग व्यू कंपाउंड क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब सुबह 11.30 बजे कुछ अधिवक्ता पार्किंग क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने कार के अंदर भाकुनी को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। उनके हाथ में पिस्टल थी, जिससे मौके पर ही हड़कंप मच गया।

सुसाइड नोट में क्या लिखा?
पुलिस को घटनास्थल से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें अधिवक्ता ने अपनी बीमारी और मानसिक परेशानी का जिक्र किया है। नोट में लिखा बताया जा रहा है कि वह जिंदगी की गाड़ी अब नहीं खींच पा रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी से अपनी पत्नी का ख्याल रखने की अपील की है।
हालांकि, पुलिस ने अभी आधिकारिक रूप से सुसाइड नोट की सामग्री की पुष्टि नहीं की है।

पुलिस और फोरेंसिक जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फोरेंसिक टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सुसाइड नोट व फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *