हरिद्वार में अवैध प्लॉटिंग पर प्राधिकरण की बड़ी कार्रवाई, 15 बीघा क्षेत्र में निर्माण ध्वस्त

हरिद्वार। हरिद्वार के गढ़ोंवाली रोड स्थित रिंग रोड के समीप अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए लगभग 15 बीघा क्षेत्र में किए जा रहे अनाधिकृत निर्माण जेसीबी मशीनों की सहायता से ध्वस्त कर दिया।


प्राधिकरण को सूचना मिली थी कि वसीम कुरैशी द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के बड़े स्तर पर प्लॉटिंग कर भूमि का अवैध विकास किया जा रहा है। जांच के बाद शिकायत सही पाए जाने पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई शुरू की और पूरे क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को तोड़ दिया।


कार्रवाई के दौरान स्थल पर मौजूद निर्माणकर्ता को कड़े निर्देश दिए गए कि बिना विधिवत मानचित्र स्वीकृत कराए किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य आगे न किया जाए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने पर और सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।


प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि किसी भी भूमि या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता और स्वीकृति की पूरी जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *