हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके घरों पर कुर्की की कार्रवाई की। ढोल-नगाड़ों की थाप और मुनादी के बीच पुलिस टीम ने फरार आरोपियों के मकानों से घरेलू सामान जब्त किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। एसएसपी का स्पष्ट संदेश है कि जो भी अपराध करेगा उसे कोर्ट के चक्कर भी लगाने होंगे और जेल की हवा भी खानी पड़ेगी।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के तहत चल रहे ऑपरेशन प्रहार के क्रम में सोमवार को कोतवाली मंगलौर पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे वारंटियों के ग्राम ब्रह्मपुर जट्ट स्थित मकानों पर कुर्की की कार्रवाई की।
न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम, रुड़की (हरिद्वार) द्वारा 23 मार्च 2026 को जारी कुर्की वारंट के अनुपालन में पुलिस टीम ने वारंटियों के घरों पर छापेमारी की। मौके पर वारंटी न मिलने पर पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए घर में रखे सामान को कुर्क कर लिया।
पुलिस ने वारंटी सौकारत उर्फ साहुकार पुत्र जगदीश के घर से एक डबल बेड, दो गद्दे, एक चारपाई, टीन की टंकी में रखा लगभग 20 किलो गेहूं, एक कृषि स्प्रे मशीन, 6 प्लास्टिक के खाली क्रेट और रसोई का सामान जैसे तवा, बेलन, चकला, चाकू और इमामदस्ता आदि जब्त किए।
वहीं वारंटी रवि पुत्र नीतू के घर से एक डबल बेड, गद्दे, पुराने कपड़े, फिलिप्स कंपनी का टीवी, सौंदर्य प्रसाधन सामग्री से भरी प्लास्टिक ट्रे, प्लास्टिक की टंकी और एक अलमारी को कुर्क किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


