धामी सरकार ने बांटे राज्यमंत्री दर्जे के दायित्व, पत्रकार समेत कई नेताओं को मिली जिम्मेदारी

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami की सरकार ने कई वरिष्ठ नेताओं और एक पत्रकार को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देते हुए विभिन्न समितियों और परिषदों में उपाध्यक्ष व अध्यक्ष पदों पर नियुक्तियां की हैं। इन पदों को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है।


सरकार द्वारा जारी सूची में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के कई नेताओं को अवसर मिला है। हालांकि इस सूची में हरिद्वार जिले से किसी भी नेता को स्थान नहीं मिल सका। माना जा रहा है कि जल्द ही दूसरी सूची भी जारी हो सकती है, जिसमें अन्य जिलों के नेताओं को जिम्मेदारी दी जा सकती है।


सरकार की ओर से जारी नियुक्तियों में नैनीताल निवासी वरिष्ठ पत्रकार ध्रुव रौतैला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। टिहरी जिले के विनोद सुयाल को युवा कल्याण सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


इसी क्रम में टिहरी गढ़वाल की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। चंपावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


वहीं कुलदीप सिंह बुटोला को उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष बनाया गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान को उत्तराखंड ओबीसी आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।


इसके अलावा चारु कोठारी को राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है। चंपावत निवासी सुश्री हरिप्रिया जोशी को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


साथ ही गोविंद पिलखवाल को उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस पद को भी राज्यमंत्री का दर्जा प्रदान किया गया है।
राजनीतिक गलियारों में इन नियुक्तियों को संगठन और सरकार के बीच समन्वय मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। वहीं दूसरी सूची को लेकर भी कई नेताओं की निगाहें टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *