पुरानी रंजिश में ट्रक से कुचलकर की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की ट्रक से कुचलकर हत्या करने के मामले का भगवानपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ट्रक भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की वजह भी बताई।


पुलिस के अनुसार 04 मार्च 2026 को प्रताप कालोनी निवासी वादिनी ने थाना भगवानपुर में तहरीर देकर बताया कि ट्रक संख्या UP17BT-8882 के चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मलकपुर लोन, छपरौली रोड जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) ने उसके पति राहुल कुमार को पुरानी रंजिश के चलते भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर भगवानपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने भगवानपुर पुलिस को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 05 मार्च को दबिश देकर नामजद आरोपी राजीव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है और उसका एक चार साल का बेटा भी है। मृतक राहुल होटल में खाना बनाने का काम करता था और दोनों का अक्सर साथ उठना-बैठना था। दोनों कई बार साथ बैठकर शराब भी पीते थे।


आरोपी के अनुसार राहुल नशे की हालत में अक्सर उसकी भांजियों के बारे में अश्लील और अपमानजनक टिप्पणियां करता था। कई बार समझाने के बावजूद वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आता था। हालांकि होश आने पर वह माफी मांग लेता था, लेकिन बाद में फिर वही हरकत दोहराता था। घटना वाले दिन होली की छुट्टी के चलते दोनों की फोन पर बात हुई और वे भगवानपुर टोल प्लाजा के पास मिले। आरोपी ने पहले से शराब खरीदी हुई थी। दोनों ने ट्रक पर बैठकर शराब पी और खाना खाया। इसी दौरान राहुल ने फिर से उसकी भांजियों को लेकर अभद्र टिप्पणी करनी शुरू कर दी। इससे गुस्साए आरोपी ने राहुल को ट्रक से उतरने को कहा। जैसे ही राहुल ट्रक से उतरकर टोल की ओर जाने लगा, आरोपी ने गुस्से में ट्रक चढ़ाकर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड की ओर चला गया और वहीं वाहन खड़ा कर ट्रक में ही सो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ट्रक UP17BT-8882 भी बरामद कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की मजबूत विवेचना की जा रही है और आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *