होली से पहले नकली नोट खपाने की साजिश नाकाम, 19 हजार के जाली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। होली पर्व से पहले बाजारों में नकली नोट खपाने की कोशिश को कोतवाली रुड़की पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए विफल कर दिया। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्र से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19,000 के जाली नोट बरामद किए हैं।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में त्योहारों के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 01 मार्च की रात कोतवाली रुड़की पुलिस टीम नियमित मोबाइल गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कलियर रोड स्थित सोनाली पार्क के सामने एक व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ खड़ा है, जो नकली नोटों का कारोबार करता है और उन्हें बाजार में चलाने की फिराक में है।


सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मुकेश कुमार गर्ग (52 वर्ष) पुत्र कुंवर सेन, निवासी मोहल्ला सेनियान, कस्बा एवं थाना शाहपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 500 के कुल 38 जाली नोट बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि आरोपी होली पर्व से पहले बाजारों में नकली नोट खपाने की योजना बना रहा था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली रुड़की में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *