बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा, प्रिसीपल ही निकला मास्टरमाइंड, गिरफ्तार

हरिद्वार। हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा में फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाने के मामले में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने एक स्कूल के प्रिंसिपल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर वास्तविक परीक्षार्थी की जगह दूसरी छात्रा से परीक्षा दिलाने का आरोप है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को राजकीय इंटर कॉलेज सलेमपुर में आयोजित हाईस्कूल परीक्षा के दौरान फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने का मामला सामने आया था। इस संबंध में प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी की तहरीर पर पुलिस ने चार छात्राओं समेत सात परीक्षार्थियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सातों आरोपितों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके कब्जे से फर्जी प्रवेश पत्र भी बरामद किए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी हुई थी।


जांच के दौरान सामने आया कि फर्जीवाड़े के पीछे चंगेज अंसारी उम्र 40 वर्ष, निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान, ज्वालापुर, मुख्य साजिशकर्ता है। आरोपी स्वयं को अल्मोडिया इस्लामिक हाई स्कूल ज्वालापुर का प्रिंसिपल बताता है और द सक्सेज प्वॉइंट नाम से व्हाट्सएप, सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग चलाता है, जिसमें लगभग 40-50 छात्र जुड़े बताए गए हैं।


पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपनी ट्यूशन छात्रा और उसकी नाबालिग बहन अभिभावकों से परीक्षा पास कराने के नाम पर धनराशि ली थी। आरोपी ने कथित रूप से सावित्री शिक्षा सदन, रावली महदूद के नाम से फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया और वास्तविक परीक्षार्थी की जगह दूसरी छात्रा को हिंदी की परीक्षा दिलवाई। पुलिस ने बताया कि मामले में सावित्री शिक्षा सदन रावली महदूद की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *