अलमारी की चाबी बनाने के बहाने घर में घुसे जीजा साले ने उड़ाए थे घर से जेवरात, एक गिरफ्तार

हरिद्वार। अलमारी की चाबी बनाने का झांसा देकर घर में घुसे व्यक्ति द्वारा सोने चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के पास से चोरी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के मुताबिक 9 फरवरी को कोतवाली रानीपुर में संदीप धीमान पुत्र स्व. राधेश्याम धीमान निवासी एफ-64 शिवालिक नगर रानीपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दोपहर के समय घर पर उनकी बुजुर्ग माताजी द्वारा घर की आलमारी की चाबी बनाने के लिये दो व्यक्तियों को घर पर बुलाया था, जिन्होंने गोदरेज की आलमारी की चाबी बनाने का बहाना बनाकर आलमारी में रखे गये सोने चाँदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाशी शुरू कर दी थी।
घटना के खुलासे के लिए गठित कोतवाली रानीपुर व सीआईयू की संयुक्त टीम ने विभिन्न सबूतों एवं तथ्यों का अध्ययन करते हुये सम्भावित स्थानांे पर आरोपितों की तलाश की। तलाश में जुटी पुलिस ने एक आरोपित गोविन्द छाबडा पुत्र दलबीर छाबडी निवासी ग्राम बारिया थाना गंधवानी जिला धार मध्यप्रदेश उम्र 25 वर्ष को बीते रोज उसके मध्य प्रदेश स्थित घर से दबोचकर उसके कब्जे से एक अंगूठी बरामद की।
पकड़े गए आरोपित गोविन्द छाबडा ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साले के साथ कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश से हरिद्वार आया था। शिवालिक नगर स्थित घर से चाबी बनाने का बहाने अलमारी से ज्वैलरी चोरी करने के बाद दोनों अपने घर मध्य प्रदेश चले गये। गोविंद ने बताया कि अंगूठी के अलावा बाकी आभूषण साले के पास हैं।
पुलिस टीम ने जब गोविंद के साले के घर पर दबिश दी तो छापेमारी की आहट सुन वह अपने मकान पर ताला लगाकर परिवार सहित कहीं फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए आज उसका चालान कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *