चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित

हरिद्वार। जनपद के थाना भगवानपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम बिनारसी में रविदास जयंती के उपरांत हुए विवाद में दो व्यक्तियों की मृत्यु के मामले को एसएसपी हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने गंभीरता से लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। मामले में लापरवाही सामने आने पर चौकी प्रभारी तेज्जुपुर समेत एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर सुयाल द्वारा प्रस्तुत की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिसमें स्पष्ट हुआ कि संबंधित पुलिसकर्मी घटना की सूचना मिलने के बावजूद समय से मौके पर नहीं पहुंचे और न ही उच्चाधिकारियों को समय पर घटना की जानकारी दी गई।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस की निष्क्रियता के चलते स्थिति को नियंत्रित करने में विलंब हुआ, जिसके गंभीर परिणाम सामने आए।


एसएसपी हरिद्वार ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर तत्काल, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *