राजधानी देहरादून में 23 साल की युवती की गर्दन काटकर सरे बाजार हत्या कर दिए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई है।
देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में मच्छी बाजार इलाके में एक 23 साल की युवती की निर्मम हत्या कर दी गई है। हत्या आरोपी ने युवती की गर्दन काटकर वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय युवती घर से निकली थी। बाहर एक युवक ने बातचीत के दौरान उस पर हमला कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में हड़कंप मचा है तो लोगों में भारी आक्रोश है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने युवती पर चापड़ से हमला किया था। युवती का गला इतनी बुरी तरह कट गया कि वो नीचे गिर गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम पहुंची। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। आरोपी को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के विरोध में इलाके के बाजार की सभी दुकानें बंद हो गई हैं।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मच्छी बाजार के अंदर दूल्हा मार्केट के पास गली में एक युवक द्वारा एक युवती को धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया। उसको उपचार हेतु तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा युवती को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
हत्या आरोपी का नाम आकाश कुमार पुत्र कोमल राम उम्र 27 साल 46 मन्नूगंज खुडबुड़ा मोहल्ला कोतवाली नगर देहरादून बताया गया है। पुलिस अनुसार पूछताछ में पता चला है कि काफी दिनों से आकाश कुमार, गुंजन का पीछा कर रहा था। इसको लेकर कुछ दिन पहले दोनों के बीच बहस भी हुई थी। गुंजन पिछले 5 से 6 सालों से दूल्हे के कपड़ों की दुकान में काम करती थी।
हत्या आरोपी आकाश कुमार ने कुछ दिन पहले गुंजन को धमकी भी दी थी। गुंजन ने इसको लेकर खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस के ढीले रवैय्ये के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। पता चला है कि गुंजन और हत्या आरोपी आकाश कुमार के बीच पहले दोस्ती थी। जब आकाश की शादी हो गई तो गुंजन ने उसका साथ छोड़ते हुए बातचीत भी बंद कर दी थी। इसके बावजूद आकाश उसका पीछा करता रहता था। इस दौरान दो दिन पहले उसने गुंजन को जानमाल की धमकी दी तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस सुस्त रही। आखिरकार आरोपी आकाश ने गुंजन की जान ले ली।


