सन्नी हत्याकांड का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल, गिरफ्तार

किश्तों में लिए मोबाइल को लेकर शराब के नशे में हुआ विवाद बना हत्या की वजह
विनोद धीमान

हरिद्वार। विगत पांच दिनों से लापता हुए सन्नी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सन्नी का हत्यारा और कोई नहीं उसका दोस्त ही निकला। किश्तों में लिए मोबाइल को लेकर शराब के नशे में हुआ विवाद सन्नी की हत्या का कारण बना। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के मुताबिक लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर उर्फ कंकरखाता निवासी महिला ने 30 जनवरी को अपने पुत्र सन्नी उम्र करीब 20 वर्ष के घर से अपने दोस्तांे के साथ जाने तथा वापस न लौटने के संबंध में पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज करायी थी। पुलिस सन्नी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान पुलिस को सन्नी का शव गन्ने के खेत में छह दिन बाद मिला।
मृतक के परिजनों ने सन्नी की हत्या का आरोप लगाया। मामले के खुलासे में जुटी पुलिस को मृतक के दोस्त रोहित उर्फ बालू पुत्र राजेश निवासी रसूलपुर उर्फ कंकरखाता कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार उम्र 20 वर्ष की संदिग्धता मिली। संदिग्ध युवक से सख्ती से पूछताछ करने पर पता चला की आपसी विवाद में रोहित ने पहले अपने दोस्त सन्नी की गला दबाकर हत्या की और फिर शव को गन्ने के खेत में छिपाकर अपने घर वापस लौट गया। हत्यारोपी इसके बाद गांव वालों व अपने साथियों को भ्रमित करने के लिए मृतक को ढूंढने का नाटक करता रहा। पुलिस टीम ने युवक की निशांदेही पर सन्नी का शव बरामद कर गिरफ्तार कर लिया।

तो ये थी कत्ल की वजह
27 जनवरी को मृतक सन्नी अपने दोस्तों रोहित और राजा के साथ सुल्तानपुर गया था, जहां रोहित ने सन्नी से पहचान पत्र व कुछ नगदी लेकर किश्तों में एक मोबाइल फोन खरीदा। इसके बाद तीनों दोस्तों ने कुछ अन्य के साथ मिलकर शराब पी। इसके बाद अन्य को छोड़कर सन्नी व रोहित कुन्हारी स्थित ठेके से शराब की बोतल लेकर जंगल की तरफ गए। शराब पीने के बाद दोनों दोस्तों के बीच नये मोबाइल फोन को लेकर झगड़ा हो गया। नशे की हालत में झगड़ा इतना ज्यादा बढ़ गया कि रोहित ने सन्नी की गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और लाश को पास ही गन्ने के खेत में छिपाकर वहां से भाग गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *