विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गांव कंकरखाता से छह दिनों से लापता एक युवक का शव रविवार को मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव के जंगल में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को हत्या से जोड़कर देख रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कंकरखाता गांव निवासी सन्नी उर्फ पोल्ला (22 वर्ष) पुत्र मानसिंह बीते 27 जनवरी को अचानक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी आसपास के गांवों और रिश्तेदारियों में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद परिजनों ने रायसी चौकी पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी थी।

रविवार को मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव के जंगल में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर लक्सर कोतवाली के एसएसआई लोकपाल परमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। बाद में मौके पर पहुंचे सन्नी के परिजनों ने शव की पहचान सन्नी के रूप में की।
मृतक के परिजनों ने सन्नी की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई लेखराज ने बताया कि 27 जनवरी को गांव के ही कालू, रोहित, राजा, सौरभ और बंटी सन्नी को अपने साथ लेकर गए थे। लेखराज का आरोप है कि मोबाइल से जुड़े किसी विवाद के चलते सन्नी की हत्या की गई है।
इस संबंध में लक्सर कोतवाली के एसएसआई लोकपाल परमार ने बताया कि मोहम्मदपुर कुन्हारी गांव के जंगल में मिला शव कंकरखाता निवासी सन्नी उर्फ पोल्ला का ही है, जो पिछले छह दिनों से लापता था। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।


