पत्रकारिता की गरिमा, सत्यनिष्ठा और सामाजिक दायित्व पर हुआ मंथन
हरिद्वार। हरिद्वार प्रेस क्लब सभागार में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का रजत जयंती समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। यूनियन की 25 वर्षों की संघर्षपूर्ण, समर्पित एवं प्रेरणादायी यात्रा को समर्पित इस समारोह में पत्रकारिता के मूल्यों, सामाजिक सरोकारों और भविष्य की दिशा पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां शारदा की स्तुति के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कथावाचक रविदेव शास्त्री ने की। मुख्य अतिथि के रूप में रानीपुर विधायक आदेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रजनीकांत शुक्ला ने किया।
समारोह के प्रारंभ में जिलाध्यक्ष संजय आर्य ने यूनियन के गठन से लेकर वर्तमान तक की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने सदैव जमीनी स्तर पर काम करने वाले पत्रकारों की आवाज को बुलंद किया है। उन्होंने सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों और गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया।
विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने अपने संबोधन में यूनियन के 25 वर्षों के संघर्ष, उपलब्धियों और पत्रकार हितों के लिए किए गए आंदोलनों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसमें सत्य, निष्पक्षता और सामाजिक प्रतिबद्धता सबसे महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे मानकों और मर्यादाओं का पालन करते हुए निर्भीक और ईमानदार पत्रकारिता करें। साथ ही उन्होंने बताया कि यूनियन लगातार पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सम्मान के लिए संघर्षरत है।
मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को दिशा देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यूनियन से जुड़े पत्रकारों की निष्पक्ष एवं सच्ची पत्रकारिता की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
उन्होंने उत्तराखंड राज्य आंदोलन में भाग लेने वाले पत्रकारों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उस दौर में पत्रकारों ने आंदोलन की आवाज को देशभर तक पहुंचाया। विधायक चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हो पाया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में हो रहे विकास कार्यों की भी सराहना की।
हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने समारोह में उपस्थित पत्रकारों को रजत जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और उनकी लेखनी समाज को जागरूक करने का कार्य करती है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी एवं प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु शंकर करौरी महादेव ने ऑडियो संदेश के माध्यम से यूनियन को 25 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं और पत्रकारों की भूमिका की सराहना की। प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने सभी अतिथियों, पत्रकारों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समारोह पत्रकारिता के मूल्यों को सशक्त करने वाला रहा।
अध्यक्षीय भाषण में रविदेव शास्त्री ने कहा कि बदलते समय में पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियां हैं, लेकिन श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने सदैव सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता दी है। उन्होंने पत्रकारों द्वारा समाज के लिए किए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए यूनियन को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जगदीश लाल पाहवा, डॉ. विशाल गर्ग, विजयपाल बघेल ग्रीन मैन, नितिन गौतम, लोकेंद्र अंतवाल विजयपाल सिंह, प्रेस क्लब महामंत्री दीपक मिश्रा सहित शहर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं डॉ हिमांशु द्विवेदी, अमित कुमार गुप्ता, मनोज खन्ना, राजकुमार पाल, संजय शर्मा, गगनदीप गोस्वामी, महेश पारीक, ऋषि सचदेवा, विपिन शर्मा, संदीप गोयल, संजय संतोषी, संजय रावल, जगदीश प्रेमी, अनिरुद्ध भाटी, संजय चौहान, सुनील शेट्टी, नरेंद्र ढीला, गौरव चक्रपाणि, जगदीश देशप्रेमी, रामकुमार शर्मा, देवेश शर्मा, सुमित तिवारी, कुलदीप अग्रवाल? आशु शर्मा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।


