24 जनवरी को केवी इंटर कॉलेज में होगा आयोजन
विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी राहत और सुनहरा अवसर लेकर स्वराज फाउंडेशन द्वारा लक्सर नगर पालिका अध्यक्ष संजीव चौधरी उर्फ नीटू के नेतृत्व में रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। यह रोजगार मेला 24 जनवरी को के.वी. इंटर कॉलेज, लक्सर में आयोजित होगा। मेले में लक्सर एवं खानपुर क्षेत्र के युवाओं को विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 1200 से अधिक नौकरियों के लिए चयन का अवसर मिलेगा। इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएट, डिप्लोमा एव बी टेकं उत्तीर्ण युवाओं के लिए कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। निःशुल्क पंजीकरण की सुविधा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम का आयोजन स्वराज फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें नगर पालिका परिषद लक्सर का भी सहयोग रहेगा। मेले का उद्देश्य क्षेत्र से बेरोजगारी को खत्म कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा स्वराज फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह रोजगार मेला लक्सर क्षेत्र के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। नगर पालिका परिषद ऐसे हर प्रयास के साथ खड़ी है जो युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम करे। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी युवा बेरोजगार न रहे और सभी को सम्मानजनक रोजगार मिले।
वहीं स्वराज फाउंडेशन के अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजक अनिल पाराशर ने बताया इस रोजगार मेले में देश की कई नामी औद्योगिक कंपनियां हिस्सा लेंगी। युवाओं को एक ही स्थान पर साक्षात्कार और चयन का मौका मिलेगा। इसके साथ-साथ औद्योगिक संस्थानों को भी योग्य कर्मचारी उपलब्ध कराना हमारा उद्देश्य है। हम क्षेत्र के सभी युवाओं से अपील करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाएं। आयोजकों के अनुसार, इच्छुक औद्योगिक संस्थान भी अपने यहां कर्मचारियों के चयन के लिए इस रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं।


