मामले को लेकर एक पक्ष कोर्ट जाने की तैयारी में
हरिद्वार। मंगलौर नगर पालिका से कांग्रेस प्रत्याशी चौधरी इस्लाम का नामांकन पत्र खारिज हो गया है। पर्चा खारिज होने का कारण चौधरी इस्लाम द्वारा नजूल की भूमि पर कब्जा किया जाना बताया गया है। चौधरी इस्लाम का इस संबंध में मुकदमा भी विचाराधीन बताया गया है। जिसके चलते चौधरी इस्लाम का पर्चा खारिज कर दिया गया। पर्चा खारिज होने के बाद अब कांग्रेस द्वारा हो हल्ला किया जा रहा है। इसको लेकर विधायक काजी निजामुद्दीन ने पत्रकारों से वार्ता कर इसे लोकतंत्र की हत्या और भाजपा की गुंडागर्दी तक करार दे दिया।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब नजूल की भूमि पर कब्जे के आरोप में चौधरी इस्लाम का पर्चा खारिज हो सकता है तो इससे संबंधित मामलों में दूसरे प्रत्याशियों पर मेहरबानी क्यों। सूत्र बताते हैं कि कनखल क्षेत्र में एक प्रत्याशी ने भी नजूल की भूमि पर कब्जा किया हुआ है। जिसके संबंध में एक व्यक्ति ने आपत्ति भी दर्ज करायी है। बावजूद इसके उस आपत्ति पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। जब नजूल की भूमि पर कब्जे के आरोप में चौधरी इस्लाम का पर्चा खारिज कर दिया गया तो दूसरे प्रत्याशी पर इसी मामले में मेहरबानी क्यों की गई। यह शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में कुछ गणमान्य मामले को लेकर अब कोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने इस संबंध में न्यायालय में वाद दायर करने की बात कही है, जिसके बाद राजनैतिक समीकरण एक बार फिर से बदल सकते हैं।