एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला प्रकाश में आया है। दुष्कर्म के प्रयास को अंजाम देने की घटना रूद्रप्रयाग जनपद के केदारनाथ धाम की है। परिजनों के मुताबिक 5 दिन पूर्व घटना की शिकायत केदारनाथ चौकी में की थी, लेकिन तहरीर देने के बावजूद भी आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया। जिस कारण से परिजनों में पुलिस के खिलाफ आक्रोश है। आक्रोश बढ़ता देख महिला की तहरीर पर अब सोनप्रयाग थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि पीडि़त भारतीय जनता पार्टी रुद्रप्रयाग जनपद में महिला मोर्चा की पदाधिकारी भी है। केदारनाथ में शिकायत दर्ज न होने के बाद पीडि़त महिला ने शुक्रवार देर शाम सोनप्रयाग थाने में तहरीर दी। जिसके बाद मुकदमा थाने में पंजीकृत हो पाया।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीडि़त महिला ने बताया की वह केदारनाथ धाम में रोजगार के लिए यात्रियों के ठहरने के हेतु टैंटो का संचालन करती हैं। बीते 13 अक्टूबर की रात्रि को राकेश चंद्र शुक्ला ग्राम नागजगई तहसील बसुकेदार ने उनके टैंट में घुसकर उनके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। जिसकी शिकायत उनके द्वारा केदारनाथ चौकी में की गई, लेकिन पुलिस द्वारा मामले पर कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। सोनप्रयाग थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह असवाल ने बताया कि संबंधित के विरुद्ध सोनप्राग थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना शुरू कर दी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।