पंचायत में दहेज पीड़िता दुल्हन के परिवार पर हमला, पिता समेत 5 घायल

हरिद्वार। दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित किए जाने को लेकर बुलाई गई बैठक में जमकर हंगामा हो गया। मध्यस्थ के घर पर दोनों पक्षों की पंचायत में आरोप है कि लड़के पक्ष के लोगों ने लड़की पक्ष के लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। जिससे पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है।

जानकारी के मुताबिक यूपी के सहारनपुर जनपद के भारापुर गांव निवासी स्वराज सिंह ने बताया कि उनकी पुत्री निकिता की शादी छह माह पूर्व लक्सर कोतवाली क्षेत्र के दाबकी कलां गांव में हुई थी। शादी में उन्होंने अपनी हैसियत से अधिक दहेज देने के बाद भी ससुराल पक्ष के लोग संतुष्ट नहीं थे। दहेज की मांग को लेकर लड़की को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। ससुराल पक्ष की ज्यादती बढ़ने पर बेटी ने उन्हें जानकारी दी।


रविवार को वह अपने रिश्तेदारों के साथ मध्यस्थ के घर लक्सर पहुंचे। मध्यस्थ द्वारा लड़के पक्ष के लोगों को भी मौके पर बुलाया गया। दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल ही रही थी कि इसी बीच लड़के पक्ष के कुछ लोगों ने अचानक उन पर चाकुओं से हमला बोल दिया। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा किसी तरह स्थिति को संभाला गया।


बताया गया कि हमले में विवाहिता के पिता स्वराज, बहन सोनिया और हरपाल समेत पांच लोग इस हमले में घायल हुए। वारदात के बाद लड़की पक्ष के लोग कोतवाली पहुंचे तथा पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *