समुदाय विशेष के विरुद्ध धमकी भरे पोस्टर चिपकाने के मामले में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
समुदाय विशेष की बन्द दुकानों के बाहर देव भूमि रक्षा अभियान के बैनर तले धमकी भरे पोस्टर उत्तरकाशी जनपद की यमुनाघाटी के पुरोला बाजार में चिपकाए जाने की घटना को प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। पोस्टर में समुदाय विशेष के दुकानदारों को तत्काल पुरोला छोड़ने की चेतावनी दी गई है। पोस्टर में दुकानें खाली कर पुरोला छोड़ने की अंतिम तारीख 15 जून अंकित है। पोस्टर मे ंलिखा है कि ऐसा न करने पर अंजाम वक्त बतायेगा। पुलिस व प्रशासन ने मामलें की गंभीरता देख षड्यंत्र के तहत माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध सख्त रुख अख्तियार कर अज्ञात के विरुद्ध धार्मिक भावनाओं को भड़काने का मुकदमा दर्ज कर दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सोमवार को क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम करनें को लेकर व्यापार मंडल व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की। वहीं षड्यंत्र के तहत पोस्टर चिपकानें, समुदाय विशेष को धमकी देने, धार्मिक भावनाओं को भड़कानें व शांति व्यवस्था बिगाड़ने की मंशा के तहत देश भूमि रक्षा अभियान के अंज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समुदाय विशेष के कुछ दुकानदारों ने आज अपनी जान माल की सुरक्षा को लेकर उपजिलाधिकारी पुरोला देवानंद शर्मा से मिलकर ज्ञापन दिया। उपजिलाधिकारी ने उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष पुरोला खजान सिंह चौहान ने कहा कि जो कोई भी क्षेत्र में कानून ब्यवस्था का उलंघन करेगा उसके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।


