हरिद्वार। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र स्थित एक दुकान के गल्लसे में रखी एक लाख रुपये की रकम चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के पास से चोरी के कुछ रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक सब्जी मंडी सराय रोड ज्वालापुर के दुकानदार योगेंद्र कुमार माटा ने 17 मई को पुलिस को दी तहरीर में अपनी दुकान में काम करने वाले दिनेश बिष्ट उम्र 44 वर्ष पुत्र चंद्र सिंह बिष्ट निवासी मकान नंबर 4 वेस्ट गुरु अंगद नगर एक्सटेंशन न्यू दिल्ली स्थाई पता श्री कोर्ट गंगनाली बेस हॉस्पिटल श्रीकोट थाना श्रीनगर जनपद पौड़ी गढ़वाल पर उनकी अनुपस्थिति में दुकान से गल्ले में रखें एक लाख रुपये चोरी कर भाग जाने का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग की थी। पुलिस ने इस संबंध में मुकद्मा दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आज आरोपित दिनेश बिष्ट को सुभाष नगर स्थित आम के बाग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से दस हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह जुए व शराब का आदी है, जिस कारण से उसने गल्ले से रुपये चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपित का चालान कर दिया है।


