हरिद्वार। धर्मनगरी में पुलिस द्वारा गौ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार की देर रात थाना पथरी क्षेत्र के कासमपुर बुड्ढाहेड़ी के खेतों में पुलिस और गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जिसमें पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। थाना पथरी क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जबकि एक बदमाश की तलाश में कांबिंग चल रही है। जिलेभर में पुलिस ने जनपद की सीमा से लेकर सभी मुख्य मार्गों पर चेकिंग कर वाहनों को खंगाला।
मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार की मध्य रात्रि पथरी थाना क्षेत्र में पुलिस को सूचना मिली कि जंगल के अंदर गौकशी की तैयारी चल रही है। पुलिस और सीआईयू की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। तभी दो लोग गौकशी करने की तैयारी करते मिले। जैसे ही पुलिस ने उनकी घेराबंदी शुरू की तभी बदमाशों ने घबराकर पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें बदमाश के पैर में गोली जा लगी। घायल बदमाश की पहचान जब्बार के रूप में हुई है। घायल बदमाश को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जबकि एक बदमाश मौके का फायदा उठाकर भाग निकला। जिसकी तलाश में कांबिंग शुरू की गई।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने निर्देश देते हुए हरिद्वार पुलिस की कई टीमें बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगाई। अधीनस्थों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस रात भर तक कांबिंग करते हुए बदमाशों की तलाश में जुटी रही। जिले भर में पुलिस चेकिंग में जुट गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि हरिद्वार में गौ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें कई गौ तस्करों ने सरेंडर किया है, तो कईयों को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। जबकि दूसरा फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। बताते चलें कि एक पखवाड़े में पुलिस की गौ तस्करों के साथ ये तीसरी मुठभेड़ है।


