विवाहिता ने मायके फांसी लगाकर की आत्महत्या
दस दिन पूर्व जिस घर से डोली उठी थी, उसी घर से नवविवाहिता की अर्थी उठी। विवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। नव विवाहिता अपने पति के साथ मायके आई हुई थी। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर का है। मृतका का नाम मनीषा है।
जानकारी के मुताबिक लोद घाटी के नाग गांव की रहने वाली मनीषा की बीती 10 मई को शादी यूपी के मुरादाबाद निवासी नंदन सिंह के साथ हुई थी। मृतका एक दिन पूर्व अपने पति के साथ अपने मायके आई थी। शुक्रवार की रात मनीषा से आत्महत्या कर ली। मनीषा का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।
आनन-फानन में परिजन मनीषा को उप जिला चिकित्सालय सोमेश्वर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष विजय नेगी ने बताया कि तहसीलदार खुशबू पांडे की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा गया है। मामले में अभी तहरीर नहीं आई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। मृतका के पास से कोई सुसाइट नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


