पुलिस और एसओजी की टीम ने एक वन तस्कर को गुलदार की खाल, दांत और नाखुनांे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी गुलदार की खाल और अंगों को बेचने के लिए गुजरात ले जा रहा था। अपने मंसूबों में ये युवक सफल हो पाता, उससे पहले ही एसओजी की टीम ने इसे दबोच लिया।
एसएसपी नैनीताल पंकज भट्ट ने बताया कि चोरगलिया पुलिस को सूचना मिली की एक युवक गुलदार की खाल को गुजरात ले जाने का फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस और एसओजी की टीम ने घेराबंदी करते हुए चोरगलिया-सितारगंज मार्ग के जसपुर खोलिया जाने वाली सड़क पर एक युवक को देखा। उसकी पीठ पर बैग टंगा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने जब युवक को रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम 24 वर्षीय सूरज कुमार पुत्र सुरेश राम निवासी कालीपुर पोखरिया थाना चोरगलिया बताया। सूरज कुमार के बैग की तलाशी ली गई तो पिट्ठू बैग के अंदर गुलदार की खाल रखी हुई थी।
बैग में खाल होने की सूचना के बाद पुलिसकर्मियों ने वन विभाग की टीम को सूचना दी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चार महीने पहले उसने गुलदार को चोरगलिया के जंगल में मांस में जहर देकर मार दिया था। जिसके बाद उसने गुलदार की खाल को निकालकर सुखाने के लिए रख दिया था।
आरोपी सूरज ने बताया कि वह गुजरात में काम करता है। इस खाल की गुजरात में काफी डिमांड थी। इसलिए मोटी रकम के लालच में वो खाल को गुजरात ले जा रहा था। आरोपी की तलाशी में गुलदार की खाल के साथ-साथ उसके दांत और नाखून भी बरामद हुए हैं। पूरे मामले में आरोपी को गिरफ्तार करते हुए वन्य जीव जंतु संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।


