सुल्तानपुर में धूमधाम से मनी संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती

भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, नेताओं ने बढ़ाया उत्साह
विनोद धीमान

हरिद्वार। नगर पंचायत सुल्तानपुर में आज संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।


शोभायात्रा में लक्सर के पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ताहिर हसन, लक्सर विधायक शहजाद अली सहित कई गणमान्य नेता और समाजसेवी शामिल हुए। सभी ने गुरु रविदास जी के विचारों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


शोभायात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत स्थित संत रविदास जी के मंदिर से हुआ, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भ्रमण पर निकली। यात्रा का समापन संत रविदास जी के मंदिर पर विधिवत रूप से किया गया।


यात्रा के दौरान ढोल-नगाड़े, डीजे, गुरु रविदास जी की भव्य मूर्ति के साथ-साथ अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।


कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही, जिससे आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संत रविदास जी की जयंती पर नगर में भक्ति, सामाजिक समरसता और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *