15 साल के किशोर ने की थी नशा मुक्ति केंद्र में युवक की हत्या

गाली-गलौज और धमकियों से तंग आकर उठाया था खौफनाक कदम
हरिद्वार।
जनपद के रूड़की के नशा मुक्ति केंद्र में हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। अनमोल जीवन समिति केंद्र में भर्ती युवक आशीष की हत्या उसी के साथ रह रहे 15 वर्षीय नाबालिग ने कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक आशीष गौतम लक्सर क्षेत्र का निवासी था और पिछले करीब तीन महीने से नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती था। बुधवार सुबह उसका शव केंद्र के बाथरूम में खून से लथपथ हालत में मिला था। युवक के गले पर धारदार हथियार के निशान पाए गए थे, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जा रहा है कि मृतक आशीष अक्सर नाबालिग के साथ गाली-गलौज करता था और उसे मारपीट की धमकी देता था। लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर किशोर ने गुस्से में आकर स्टील के नुकीले टुकड़े से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से आशीष की मौत हो गई।

घटना के बाद नशा मुक्ति केंद्र के बाथरूम में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर पुलिस और फील्ड यूनिट टीम ने पूरे परिसर को सील कर साक्ष्य जुटाए।


सीओ ग्रामीण शेखर चन्द्र सुयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल स्टील का नुकीला टुकड़ा, मफलर और आरोपी के कपड़े बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *