तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान पर बैठे हैप्पी पर किए दो फायर, हवाई फायरिंग कर फरार
हरिद्वार। बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र के शांतरशाह में सोमवार शाम बाइक मिस्त्री 26 वर्षीय हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने दुकान पर बैठे हैप्पी पर दो फायर किए। इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। गंभीर हालत में हायर सेंटर ले जाते समय युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हैप्पी शांतरशाह में अपनी मोटरसाइकिल की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान तीन नकाबपोश वहां पहुंचे और अचानक उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। हमलावरों ने इसके बाद हवाई फायरिंग की और मौके से भाग निकले। गोलियों की आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने घायल हैप्पी को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
वारदात की जानकारी मिलते ही बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह और एसएसआई अशोक सिरसवाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
हमलावरों की तलाश, वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस फिलहाल हमलावरों की पहचान और हत्या के कारण का पता लगाने में जुटी है। पुरानी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। शाम के समय हुई इस हत्या से शांतरशाह क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


