कांग्रेस रैली के वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, ‘तड़पते छोड़ भागे’ नेता! पूर्व मंत्री यतीश्वरानंद ने जताया आक्रोश

फेरुपुर-धनपुरा मार्ग पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर तोड़ा दम
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद जिला अस्पताल पहुंचे, परिजनों को दी सांत्वना


हरिद्वार। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बताया गया कि कांग्रेस की रैली में शामिल होने जा रहे टेंपो ट्रैवलर की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों युवकों को स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मौके से कांग्रेस नेताओं के चले जाने को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी शुरू हो गए हैं।


फेरुपुर-धनपुरा मार्ग पर हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार सोमवार को देहरादून में कांग्रेस की रैली प्रस्तावित थी। रैली में शामिल होने के लिए हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न गांवों से कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता टेंपो ट्रैवलर से देहरादून की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फेरुपुर की ओर से बाइक सवार दो युवक अपने गांव नसीरपुर कलां लौट रहे थे।


बताया गया कि धनपुरा से आगे रविदास मंदिर के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अनुज पुत्र लेविन उर्फ पप्पू, उम्र करीब 25 वर्ष और आशीष पुत्र ऋषि, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी नसीरपुर कलां, थाना पथरी, गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।


हादसे के बाद मौके से जाने का आरोप
घटना को लेकर भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद रैली में शामिल कुछ कांग्रेस नेता मौके पर रुकने के बजाय दूसरे वाहनों से वहां से चले गए। इसे लेकर भाजपा ने कांग्रेस नेताओं की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और वाहन में सवार लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच महत्वपूर्ण होगी।


पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और टेंपो ट्रैवलर संख्या UK 04PH 1376 को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी पर दाखिल कर लिया है। बाइक का नंबर UK 08AW 8867 बताया गया है।


जिला अस्पताल पहुंचे स्वामी यतीश्वरानंद
दो युवकों की मौत की सूचना मिलने पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।


स्वामी यतीश्वरानंद ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि दो परिवारों ने अपने जवान बेटों को खो दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना बेहद पीड़ादायक है और संकट की घड़ी में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मानवता का परिचय देना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि हादसे के बाद मौके से चले जाना संवेदनशीलता पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीति अपनी जगह है, लेकिन मुश्किल समय में इंसान को मानवता नहीं भूलनी चाहिए।


दो परिवारों में पसरा मातम
हादसे की खबर नसीरपुर कलां गांव पहुंचते ही दोनों परिवारों में मातम पसर गया। जवान बेटों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में भी हादसे को लेकर गहरा दुख और आक्रोश है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। वहीं, पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *