विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर के खानपुर थाना क्षेत्र के धर्मोंपुर गांव निवासी एक युवक को दवाई देने के बहाने बुलाकर बंधक बनाने, सोने की चेन व ब्रेसलेट छीनने और बैंक खाते से पैसे ट्रांसफर कराने का मामला सामने आया है। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धर्मोंपुर गांव निवासी अंकुश पुत्र डॉ. कंवरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 20 मार्च को शाम उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले विपिन उर्फ विधायक निवासी खेड़ी मुबारिकपुर ने बताया कि उसके मित्र लोकेश निवासी मिर्जापुर की अचानक तबीयत खराब हो गई है और उसे तुरंत बुलाया। आरोप है कि बताए गए पते पर पहुंचते ही विपिन, विनीत पुत्र सेठपाल निवासी खेड़ी मुबारिकपुर थाना लक्सर और लोकेश निवासी मिर्जापुर थाना खानपुर सहित अन्य लोगों ने उसे जबरन कमरे में बंद कर बंधक बना लिया।
पीडि़त का आरोप है कि आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन और हाथ से ब्रेसलेट जबरन उतार लिया तथा दबाव बनाकर उसके बैंक खाते से 15 हजार और 21 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद उसे नशीले कैप्सूल खिलाकर उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली और पुलिस में शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
खानपुर थाना प्रभारी दिग्पाल कोहली ने बताया कि पीडि़त की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।


