विनोद धीमान
हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र के ग्राम बिशनपुर झरड़ा में पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने एक युवक पर हथौड़े और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसका बड़ा ऑपरेशन करना पड़ा और फिलहाल वह आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहा है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीडि़त की मां सुशीला देवी पत्नी सत्यपाल निवासी ग्राम बिशनपुर झरड़ा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 मार्च को शाम करीब चार बजे उनका बेटा हर्ष घर से खाने का सामान लेने के लिए गांव की दुकान पर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में पहले से रंजिश रखने वाले गांव के ही निशु पुत्र पवन, उमाकांत पुत्र संतराम, जशबीर पुत्र स्व. नंदकिशोर, विनीत पुत्र मदन और शुभम पुत्र स्व. सौराज ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।
बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने हर्ष को पकड़कर उसके सिर पर हथौड़े से जोरदार वार कर दिया। वार लगते ही वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने उस पर लाठी-डंडों से भी कई वार किए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे आजेश पुत्र यशपाल, मोन्टी पुत्र मुकेश और हिमांशु पुत्र राकेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी लाठी-डंडों से हमला कर दिया और घायल को अस्पताल ले जाने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद परिजन घायल हर्ष को सरकारी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिजनों ने उसे भूमानंद अस्पताल में भर्ती कराया। यहां कराए गए सीटी स्कैन में पता चला कि सिर की हड्डी टूटकर दिमाग में धंस गई है, जिससे उसके शरीर का आधा हिस्सा पैरालाइज हो गया और उसकी याददाश्त भी प्रभावित हो गई। 6 मार्च को डॉक्टरों ने उसका बड़ा ऑपरेशन किया है और फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना अध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


