खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं प्रधानमंत्री मोदीः ब्रजभूषण सिंह
पहलवानों को करना चाहिए संतों का अनुसरणः रविन्द्रपुरी
हरिद्वार। भारतीय कुश्ती संघ के तत्वावधान में प्रेमनगर आश्रम में आयोजित ग्रेण्ड प्रिक्स नेशनल रैसलिंग चैम्पियनशिप का उद्घाटन भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद ब्रजभूषण सिंह, पूर्व मंत्री नवप्रभात, अखाड़ा परिषद अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज, श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज, पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी, महंत रामदास आदि ने संतों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सांसद ब्रजभूषण सिंह ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाडि़यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कदम उठा रहे हैं। कुश्ती में भारत दुनिया के टॉप 5 देशों में शामिल है। ओलंपिक सहित अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में भारतीय टीम लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। महिला कुश्ती टीम दुनिया में दूसरे नंबर पर है। इसमें सरकार का बड़ा सहयोग है। सरकार के अलावा कोच व खिलाड़ी भी लगातार मेहनत से देश का नाम रोशन कर रहे हैं। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही है।
भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह के प्रयासों से कुश्ती में भारतीय टीम लगातार पदक जीत रही है। उन्होंने कहा कि पहलवानों को संतों के चरित्र का अनुसरण करना चाहिए। देवभूमि में बड़े स्तर पर कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन से स्थानीय युवाओं में कुश्ती के प्रति रूचि बढ़ेगी। पूर्व मंत्री वनप्रभात व पूर्व पालिका अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने खिलाडि़यों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि खेल को खेल भावना के साथ ही खेलना चाहिए। कुश्ती प्रतियोगिता में देश दुनिया में भारतीय खिलाड़ी नाम कमा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड में कुश्ती प्रतियोगिताओं के आयोजन अधिक से अधिक होने चाहिए। सरकार को भी खेलों पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
निर्मल अखाड़े के कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज एवं महंत रामदास महाराज ने कहा कि कुश्ती भारतीय का परंपरागत खेल है। युवाओं को पाश्चात्य संस्कृति एवं नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। भारतीय कुश्ती संघ के कोषाध्यक्ष एवं उत्तराखण्ड कुश्ती संघ के महासचिव डा.एसपी देशवालएवं महेंद्र त्रिपाठी ने फूलमालाएं व पगड़ी पहनाकर सभी संत महापुरूषों का स्वागत किया। इस अवसर पर मेरठ कुश्ती संघ के अध्यक्ष बालेंद्र, अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती कोच गजेंद्र पहलवान, बागपत कुश्ती संघ के अध्यक्ष भूपेश राणा, डा.ललित कुमार, राहुल शर्मा, दुर्गेश पाण्डेय आदि मौजूद रहे।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष व श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाण के श्रीमहंत रवींद्रपुरी का कहना है कि सरकारों द्वारा जिस तरह से खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछले करीब 10 वर्षों से ब्रजभूषण शरण सिंह अध्यक्ष बने हैं तब से कुश्ती में देश के खिलाडि़यों ने नाम रोशन किया है। देश को 5 से 6 सालों मे जितने मेडल कुश्ती में प्राप्त हुए हैं शायद ही इससे पहले प्राप्त हुए हों। हरिद्वार में आयोजित हो रही कुश्ती प्रतियोगिता में देश के कोने-कोने से जितने भी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मैं सभी खिलाडि़यों का स्वागत करता हूं क्योंकि यह आयोजन उत्तराखंड में पहली बार किया जा रहा है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात का कहना है कि उत्तराखंड को यह पहली बार सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि कुश्ती का महाकुंभ यहां पर आयोजित किया जा रहा है। इस समय कुश्ती देश में ऐसे खेलों में शुमार है। जिसमें भारत सबसे ज्यादा पदक प्राप्त कर रहा है। सरकार इस समय बच्चों को खेल की दिशा में यदि सुविधाएं प्रदान करेगी तो इससे बच्चों को काफी लाभ होगा। उत्तराखंड सरकार को खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। दिल्ली में यदि सुविधाएं मिल रही है तो उस सुविधाओं का लाभ हरियाणा की खिलाड़ी पूरी तरह से उठा रहे हैं। उत्तराखंड की परिस्थिति थोड़ी अलग है लेकिन फिर भी यदि खेलों की नीति और नीयत हम सही रखें तो उसका काफी लाभ खिलाडि़यों को मिल सकता है।