पत्नी को मौत के घाट उतारा, फिर पूरी रात शव के पास लेटा रहा

बांझपन को लेकर पत्नी की हत्या करने का एक मामला यूपी के सहारनपुर देहात कोतवाली क्षेत्र में सामने आया है। यहां बच्चा नहीं होने से नाराज नगर निगम के सफाई कर्मचारी ने होमगार्ड पत्नी के सिर में डंडा मारकर हत्या कर दी। हैरत की बात है कि हत्या के बाद आरोपी पति पत्नी के शव के पास पलंग पर लेटा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम गांव का है। देहात कोतवाली पुलिस के अनुसार यहां नगर निगम में सफाई कर्मचारी विनोद उम्र 40 वर्ष अपनी होमगार्ड पत्नी लक्ष्मी के साथ रहता है। विनोद और लक्ष्मी की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी। शादी के इतने दिन बीत जाने के बाद भी उन्हें संतान का सुख नहीं मिला। पत्नी को बच्चा नहीं होने से पति विनोद नाराज रहता था। इसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। गुरुवार की देर शाम को विनोद और लक्ष्मी दोनों ड्यूटी से घर लौटे। देहात कोतवाली पुलिस के मुताबिक रात करीब 9 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि विनोद ने डंडा उठाकर लक्ष्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान लक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद विनोद पत्नी के शव के पास रात भर पलंग पर लेटा रहा, जबकि पत्नी का शव जमीन पर पड़ा था। घटना की जानकारी पर पड़ोसियों ने पुलिस को जानकारी दी।


सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, जहां विनोद अंधेरे में लेटा हुआ था। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शराब के नशे में धुत विनोद ने बताया कि उसकी पत्नी लक्ष्मी को बच्चे नहीं हो रहे थे, जिसके चलते उनके बीच विवाद होता रहता था। उसने बताया कि वो पत्नी को मारना नहीं चाहता था, लेकिन सिर में डंडा लगने से उसकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *