विजयादशमी असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक, देश में खुशहाली और भाईचारा बना रहे: रविंद्र पुरी

महंत राजेंद्र दास ने कहा- सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है विजयादशमी पर्व


हरिद्वार। श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज और अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत राजेंद्र दास महाराज ने समस्त देशवासियों को असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक विजयादशमी पर्व की शुभकामनाएं दीं। दोनों संतों ने देश में खुशहाली, समृद्धि, भाईचारे और सदाचार की कामना करते हुए लोगों से पर्व की मूल भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देता है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, धर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होनी चाहिए। देश की उन्नति और समृद्धि के लिए सभी लोगों को आपसी मतभेद भुलाकर राष्ट्रहित में योगदान देना चाहिए।


वहीं, महंत राजेंद्र दास महाराज ने कहा कि विजयादशमी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर सदाचार और सत्य का मार्ग अपनाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में नैतिक मूल्यों, आपसी सौहार्द और धर्म के प्रति आस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने देशवासियों के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि विजयादशमी का पर्व सभी के जीवन में सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *