वीडियो : राशन डीलर का तांडव! दुकान का निरीक्षण करने पहुँची पूर्ति निरीक्षक से हाथापाई

रिश्वत व कमीशनखोरी के आरोपों से मचा हड़कंप

विनोद धीमान

हरिद्वार। ग्रामीणों को राशन न देकर केवल पर्ची थमाने और ई-केवाईसी के नाम पर अवैध वसूली के आरोपों की जांच करने पहुँची खाद्य पूर्ति निरीक्षक के साथ महिला राशन डीलर द्वारा हाथापाई और दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना लक्सर क्षेत्र की है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।


जानकारी के अनुसार, लक्सर गांव की राशन डीलर सुषमा के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वह उपभोक्ताओं को निर्धारित राशन देने के बजाय केवल एक पर्ची देती है और राशन रजिस्टर पर अंगूठा लगवा लेती है। इसके अलावा ई-केवाईसी के नाम पर प्रति कार्ड ₹10 की अवैध वसूली के भी आरोप थे।


शिकायत की गंभीरता को देखते हुए खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता जांच के लिए लक्सर गांव स्थित राशन की दुकान पर पहुँचीं। आरोप है कि निरीक्षक को अकेला पाकर राशन डीलर ने अपने समर्थकों को मौके पर बुला लिया और उन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान राशन डीलर और पूर्ति निरीक्षक के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो बाद में राशन डीलर द्वारा हाथापाई तक पहुँच गई।


स्थिति तनावपूर्ण होती देख खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने तत्काल दुकान को ताला लगा दिया और मौके से लौटना पड़ा। इस दौरान कुछ मीडिया कर्मी भी मौके पर पहुँच गए, जिन्होंने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया।


खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता ने बताया कि आरोपी राशन डीलर सुषमा के पास मिर्जापुर शादात गांव की दुकान के साथ-साथ लक्सर गांव, बसेड़ी और सैठपुर की राशन दुकानें भी अटैच हैं। निरीक्षक के अनुसार, जांच में यह सामने आया है कि ग्रामीणों को राशन न देकर पर्ची दी जा रही थी और रजिस्टर पर उनके हस्ताक्षर व अंगूठे लगवाए जा रहे थे।


घटना के दौरान राशन डीलर ने बौखलाहट में खाद्य पूर्ति निरीक्षक पर ₹50 हजार की रिश्वत मांगने और कमीशनखोरी जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। हालांकि पूर्ति निरीक्षक ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार बताया है।


खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता ने स्पष्ट किया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है और जांच के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *