अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी खुलासे को लेकर उर्मिला ने जताई नार्काे टेस्ट की सहमति, पुलकित आर्य का भी टेस्ट कराने की मांग
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी के नामों के खुलासे को लेकर चर्चा में आईं उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर का नार्काे व पॉलीग्राफ टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। शुक्रवार को देहरादून स्थित सीबीआई कोर्ट में इस मामले को लेकर सुनवाई हुई। हालांकि, दोनों का टेस्ट किस तारीख को होगा, यह अभी तय नहीं किया गया है।
सीबीआई कोर्ट में पेश होने के बाद उर्मिला सनावर ने मीडिया से बातचीत में खुद को भाजपा की सक्रिय कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्हें न्याय की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि वह अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए नार्काे टेस्ट समेत हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। उर्मिला ने जेल में बंद मामले के दोषी पुलकित आर्य का भी नार्काे टेस्ट कराने की मांग उठाई।
25 लाख रुपये और गाड़ी का ऑफर देने का आरोप
उर्मिला सनावर ने हरिद्वार की रानीपुर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि नार्काे टेस्ट नहीं कराने के लिए उन्हें 25 लाख रुपये और गाड़ी देने का ऑफर दिया गया था। उन्होंने कहा कि वह किसी भी दबाव में आने वाली नहीं हैं और मामले से जुड़े तथ्यों को सामने लाने के लिए टेस्ट कराने को तैयार हैं। हालांकि, उनके इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
सीबीआई पर भरोसा नहीं होने की बात कह चुकी हैं उर्मिला
उर्मिला सनावर लगातार अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीवीआईपी की भूमिका को लेकर सवाल उठा रही हैं। वह पहले भी मीडिया के सामने नार्काे टेस्ट कराने की इच्छा जता चुकी हैं। उनका कहना है कि उन्हें सीबीआई की जांच पर भरोसा नहीं है और वह चाहती हैं कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो।
23 अक्टूबर को भी कोर्ट में दी थी सहमति
इससे पहले 23 अक्टूबर को भी उर्मिला सनावर सीबीआई कोर्ट में पेश हुई थीं, जहां उन्होंने नार्काे टेस्ट कराने पर सहमति जताई थी। इसके बाद 26 अक्टूबर को उन्हें दोबारा कोर्ट में पेश होना था, लेकिन पेशी से पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
यह गिरफ्तारी ज्वालापुर के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी की शिकायत पर रानीपुर थाने में दर्ज मुकदमे के सिलसिले में हुई थी। शिकायत में उर्मिला सनावर पर सोशल मीडिया के माध्यम से अश्लील और मानहानिकारक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।
अब गांधीनगर में प्रस्तावित नार्काे और पॉलीग्राफ टेस्ट को लेकर सबकी निगाहें टिकी हैं। टेस्ट की तारीख तय होने और जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद ही इस मामले में अगली स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

