अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, ग्रामीणों और पुलिस में नोकझोंक


हरिद्वार। बहादराबाद स्थित जया मैक्सवेल हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान तीमारदारों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हो गई। हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया।


जानकारी के अनुसार, कोटा मुरादनगर निवासी 40 वर्षीय लाखन सिंह पुत्र तेल्लूराम शुक्रवार सुबह बहादराबाद–बेगमपुर मार्ग पर एक स्कूल के सामने बाइक से दुर्घटनाग्रस्त हो गए थे। दुर्घटना में उनके सिर पर हल्की चोट आई थी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए बहादराबाद स्थित जया मैक्सवेल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।


आरोप है कि अस्पताल में उपचार के दौरान लाखन सिंह की मौत हो गई। शनिवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को मौत की सूचना मिली, बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए और मामले को लेकर हंगामा करने लगे। ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।


हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ देर के लिए पुलिस और तीमारदारों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया।
बहादराबाद थाने के इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *