चाऊमीन सेंटर चलाने वाले दो लोगों के बीच विवाद हो गया। एक व्यक्ति ने दूसरे के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। घायल की उपचार के दौरान मौत हो गयी। घटना को अंजाम देने वाले युवक को पौड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना पौड़ी के थलीसैंण के चोरखिंडा गांव की है। थलीसैंण के थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया है कि चोरखिंडा गांव के रामपाल सिंह और मनोहर सिंह टैक्सी स्टैंड में संयुक्त रूप से चाऊमीन की दुकान चलाते थे। 26 जून को दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि मनोहर सिंह ने रामपाल सिंह के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। सर पर पत्थर लगने के बाद से रामपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव करते हुए गंभीर रूप से घायल को उपचार के लिए ले जाने का प्रयास किया। लेकिन मनोहर ने घायल के सिर पर दोबारा से हमला कर दिया। घायल रामपाल सिंह को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। घायल की उपचार के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि रामपाल की माता की तहरीर के आधार पर मनोहर सिंह पुत्र प्रताप सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आरोपी मनोहर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

चाऊमीन सेंटर चलाने वाले दो लोग आपस में भिडे, एक की मौत


