हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कमलदास कुटिया आश्रम में संपत्ति विवाद को लेकर संतों के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान एक संत के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि कमलदास कुटिया आश्रम की संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। इसी बीच कुछ दिन पूर्व आश्रम के मुख्य महंत ओमप्रकाश दास शास्त्री ने अपने शिष्य शिव प्रकाश महाराज की चादरपोशी की थी। इसके बाद से विवाद और बढ़ने की बात सामने आ रही है।
बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त की रात कुछ लोग आश्रम पहुंचे और मुख्य महंत ओमप्रकाश शास्त्री से बातचीत करने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर वहां मौजूद कुछ लोगों ने शिव प्रकाश महाराज के साथ मारपीट शुरू कर दी। आश्रम में हुई इस घटना से कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना रिकॉर्ड हो गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक संत के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि मुख्य महंत ओमप्रकाश दास शास्त्री समेत कुछ अन्य लोग बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
दोनों पक्षों ने पुलिस से की शिकायत
मुख्य महंत ओमप्रकाश शास्त्री का कहना है कि उन्होंने अपने शिष्य शिव प्रकाश को चेला बनाया था, जिससे दूसरा पक्ष नाराज था। उनका आरोप है कि रात के समय कुछ लोग आश्रम पहुंचे और विवाद करने लगे। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, शिव प्रकाश महाराज ने भी पुलिस को लिखित शिकायत देकर आश्रम में घुसकर मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत दी गई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। प्रभारी इंस्पेक्टर नगर कोतवाली कुंदन सिंह राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


