हरिद्वार। लक्सर के खानपुर थाना क्षेत्र में फेरी लगाने वाले मजदूर से हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक नाबालिग है।
बता दें कि 8 अगस्त को पकड़े गए दोनों आरोपियों ने खानपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर गांव के पास से सीकरी गांव निवासी कासिम के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों फेरी लगाने वाले कासिम से 2,110 रुपए की नकदी व मोबाइल छीन कर फरार हो गए थे। जिसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही खानपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
गोवर्धनपुर चौकी में तैनात सिपाही अजीत सिंह के मुखबिर तंत्र से 24 घंटे में ही धर्मपुर गांव के तिराहे से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहित निवासी खानपुर व दूसरा आरोपी नाबालिग बताया गया है। दोनों के पास से लूटे हुए 1,850 रुपए की नकदी और मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है। गोवर्धनपुर चौकी इंचार्ज नवीन सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी मोहित को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है, जबकि नाबालिग आरोपी को न्याय बोर्ड भेज दिया गया है।