बारातियों की कार ने मासूम को कुचला, ग्रामीणों ने किया हंगामा, बारातियों को बनाया बंधक

हरिद्वार। हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के टकाभरी गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बारात में शामिल कुछ युवकों द्वारा कार से स्टंट करने के दौरान एक 10 वर्षीय मासूम बच्चा कार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ कर दी और कुछ बारातियों को बंधक बना लिया।


जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के एक गांव से भगवानपुर थाना क्षेत्र के टकाभरी गांव में गुरुवार को बारात आई हुई थी। बताया जा रहा है कि बारात में शामिल कुछ युवक शराब के नशे में थे और बाग में कार से स्टंट कर रहे थे। इसी दौरान सत कुमार का 10 वर्षीय बेटा विशु कार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना की सूचना गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए जमकर हंगामा किया और कुछ बारातियों को बंधक बना लिया।


सूचना मिलने पर भगवानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण पुलिस की बात सुनने को तैयार नहीं थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बंधक बनाए गए बारातियों को छुड़ाया।


इस हादसे में घायल मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है।


एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत करा दिया गया है और गांव में फिलहाल शांति बनी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *