साध्वी के समक्ष दंडवत हुए धुरंधर भगवाधारी! महामंडलेश्वर बनाने का दे रहे ऑफर

पोल-पट्टी खोलने के अभियान पर विराम लगाने की रणनीति या साध्वी को अपने खेमे में लाने की कोशिश? कई बार दिए जा चुके ऑफर पर साध्वी ने अब तक नहीं खोले पत्ते


हरिद्वार। अपने बेबाक और तल्ख बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहने वाली दुर्गाचार्य साध्वी कंचन भवानी एक बार फिर संत समाज के गलियारों में चर्चाओं का केंद्र बन गई हैं। इस बार चर्चा उनके किसी बयान को लेकर नहीं, बल्कि उन्हें महामंडलेश्वर बनाने के कथित ऑफर को लेकर है।

सूत्रों के हवाले से खबर है कि साध्वी के लगातार सामने आ रहे बयानों और संत समाज के कुछ प्रभावशाली भगवाधारियों की कथित पोल खोलने के अभियान से असहज कुछ संतों ने उन्हें एक बड़े अखाड़े में महामंडलेश्वर पद देने का प्रस्ताव दिया है।

संत समाज के भीतर इस कथित पेशकश को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। चर्चा है कि साध्वी कंचन भवानी जिस आक्रामक अंदाज में विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रख रही हैं, उससे कुछ प्रभावशाली संतों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। ऐसे में उन्हें महामंडलेश्वर बनाने का प्रस्ताव केवल सम्मान देने की पहल है या इसके पीछे कोई रणनीतिक सोच काम कर रही है, यह सवाल चर्चा का विषय बना हुआ है।


सूत्रों की मानें तो साध्वी को यह प्रस्ताव एक-दो बार नहीं, बल्कि कई बार दिया जा चुका है। हालांकि अभी तक साध्वी कंचन भवानी की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उन्होंने न तो इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के संकेत दिए हैं और न ही इसे लेकर सार्वजनिक रूप से कोई निर्णय जाहिर किया है।


दूसरी ओर, साध्वी का कथित पोल-पट्टी खोलो अभियान भी लगातार जारी है। उनके बयानों के चलते संत समाज के कुछ लोगों में बेचैनी की चर्चाएं हैं। माना जा रहा है कि महामंडलेश्वर बनाने का प्रस्ताव देकर उन्हें संत समाज की स्थापित व्यवस्था और किसी बड़े अखाड़े से जोड़ने की कोशिश की जा रही है, ताकि उनके बयानों की धार को कम किया जा सके।

संत समाज में महामंडलेश्वर का पद प्रतिष्ठा और धार्मिक जिम्मेदारी से जुड़ा माना जाता है। ऐसे में किसी साध्वी को यह पद देने का प्रस्ताव अपने आप में महत्वपूर्ण है। इस पेशकश के पीछे राजनीतिक कूटनीति कूटनीतिक के बू को महसूस किया जा सकता है।


फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि साध्वी कंचन भवानी इस कथित ऑफर को स्वीकार कर किसी बड़े अखाड़े का हिस्सा बनेंगी या अपने मौजूदा अंदाज में ही संत समाज के विभिन्न मुद्दों को उठाती रहेंगी। वहीं, यह भी देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें महामंडलेश्वर बनाने की पेशकश करने वाले धुरंधर भगवाधारियों की रणनीति सफल होती है या साध्वी का बेबाक अभियान पहले की तरह जारी रहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *