विनोद धीमान
हरिद्वार। हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर पदार्था भारत पैट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां कार और बाइक की भिड़ंत में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना जोरदार था कि टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर खेत में जा कर पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शंकर और गोलू निवासी सुल्तानपुर बाइक पर सवार होकर हरिद्वार से रहे थे, जबकि तनिष्क, साहिल और उनका एक अन्य साथी कार में सवार थे। दोनों वाहन हरिद्वार की ओर से सुल्तानपुर आ रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही फेरूपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार अपने पुलिसकर्मीयों के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है।


