स्कूल से लौट रहे बच्चों पर मौत बनकर दौड़ी स्विफ्ट कार, पांच मासूमों को कुचला, दो की हालत गंभीर

विनोद धीमान
हरिद्वार।
थाना क्षेत्र के ग्राम डुम्मनपुरी में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे बच्चों को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पांच स्कूली बच्चे घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।


खानपुर थाना प्रभारी गोविंद कुमार ने जानकरी देते हुए बताया कि 11 मई को ग्राम डुम्मनपुरी के पास कुछ बच्चे स्कूल से छुट्टी होने के बाद अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिजनौर की ओर से आ रही स्विफ्ट कार के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए पहले दो बच्चों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर भागने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसने तीन अन्य स्कूली बच्चों को भी अपनी चपेट में ले लिया।


घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल बच्चों की पहचान मीनू पुत्र घनश्याम (19 वर्ष), मीनू पुत्री बलधारी (19 वर्ष), लक्ष्मी पुत्री अमरपाल (19 वर्ष), परी पुत्री सोनू (7 वर्ष) और सृष्टि पुत्र अनिल (7 वर्ष) निवासी ग्राम डुम्मनपुरी के रूप में हुई है।


बताया गया कि मीनू पुत्र घनश्याम की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि मीनू पुत्री बलधारी को विनय विशाल चिकित्सालय रुड़की भेजा गया। परी और सृष्टि का उपचार पप्पू नर्सिंग होम में चल रहा है। वहीं लक्ष्मी को मामूली चोटें आई हैं।


घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश नहीं लग पाने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *